डेंगू-मलेरिया को लेकर केंद्र अलर्ट, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

18 Jun 2026 19:19:53
समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। मानसून से पहले डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट मोड में है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर देशभर में तैयारियों का जायजा लिया और राज्यों तथा स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों को पर्याप्त दवाइयों, जांच सुविधाओं और बेड्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बैठक में जेपी नड्डा ने निर्देश दिए कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम, जांच और उपचार से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

नड्डा ने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान और त्वरित इलाज से गंभीर मामलों को रोका जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने राज्यों को निगरानी तंत्र मजबूत करने और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

बैठक में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए उन्होंने जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखा जाएगा और राज्यों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0