सरकार का दावा- देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और नेचुरल गैस की सप्लाई स्थिर

18 Jun 2026 18:41:53
अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा


नई दिल्ली, 18 मई (हि.स)। सरकार ने गुरुवार को कहा कि देशभर में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और नेचुरल गैस की सप्लाई स्थिर है। सरकार की रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। रिटेल आउटलेट और डिस्ट्रीब्यूटरशिप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं, जबकि पिछले तीन दिनों में 1.36 करोड़ बुकिंग के मुकाबले 1.47 करोड़ डिलीवरी की गई हैं।

पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी प्रेसवार्ता में बताया कि घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) बुकिंग का बैकलॉग घटकर अब 3.1 दिन रह गया है। उन्होंने कहा कि 22,945 टन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और 1.98 लाख पांच किलो वाले सिलेंडर बेचे गए हैं। उन्होंने बताया कि मार्च से अब तक 10.02 लाख पीएनजी कनेक्शन में गैस सप्लाई शुरू की गई है, जबकि 3.22 लाख और कनेक्शन के लिए अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। कुल 9.94 लाख नए ग्राहकों ने पीएनजी सेवाओं के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। शर्मा ने कहा कि ई85 के लिए लगभग 48 रिटेल आउटलेट हैं, जहां ई85 को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस साल के आखिर तक 500 और रिटेल आउटलेट में यह सुविधा होगी और अगले साल के आखिर तक 5000 और यानी यह संख्या 5000 तक पहुंच जाएगी।

पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि 62,370 मीट्रिक टन एलएनजी ले जाने वाला एक जहाज शुक्रवार को सुबह गुजरात के दहेज में लंगर डालेगा। भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उन्हें हर जरूरी मदद देने के लिए मंत्रालय, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ शिपिंग (डीजी शिपिंग) के जरिए विदेश मंत्रालय, विदेशों में भारतीय मिशनों, शिपिंग कंपनियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए है।

ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम ने 13,187 से ज्यादा कॉल और 29,376 से ज्यादा ई-मेल संभाले हैं। उन्होंने कहा कि अकेले पिछले 72 घंटों में नाविकों, उनके परिवारों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों से 450 कॉल और 1,077 ई-मेल मिले हैं। शर्मा ने कहा कि मंत्रालय ने डीजी शिपिंग के जरिए अब तक 3,639 से ज्यादा नाविकों की सुरक्षित वापसी में मदद की है, जिनमें पिछले 72 घंटों में वापस आए 47 नाविक भी शामिल हैं। पूरे भारत में बंदरगाह का कामकाज सामान्य है और कहीं भी भीड़-भाड़ की कोई खबर नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0