अद्वित ज्वेल्स अगले 3 सालों में 'रंभजो' ब्रांड के तहत 30 रिटेल शोरूम खोलेगी

19 Jun 2026 19:59:53
प्रेसवार्ता को संबोधित करते अद्वित ज्वेल्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नितिन गिलारा


प्रेसवार्ता में अद्वित ज्वेल्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नितिन गिलारा और अन्य


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स)। जयपुर स्थित आभूषण क्षेत्र की कंपनी अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह अगले तीन सालों में 'रंभजो' ब्रांड के तहत 30 रिटेल शोरूम खोलकर अपने बिजनेस का विस्तार करेगी। इसके लिए फंड का कुछ हिस्सा कंपनी के आने वाले आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से मिलने वाली रकम से जुटाया जाएगा।

अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) नितिन गिलारा ने नई दिल्ली में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि अपने बी2बी (कंपनियों के बीच) कारोबार को प्रभावित किए बिना हम अगले तीन साल में देशभर में 30 खुदरा शोरूम खोलकर सीधे उपभोक्ताओं से जुड़े अपने व्यवसाय का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी यह रिटेल शोरूम 'रामभजो' ब्रांड के तहत खोलेगी। अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 जून को खुलेगा। कंपनी ने इस इश्यू के लिए 130-138 रुपये प्रति शेयर मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) तय किया है। यह आईपीओ पूरी तरह 1.19 करोड़ नए शेयरों के निर्गम पर आधारित है। इसके जरिये 165.15 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। यह आईपीओ 23 जून को खुलकर 25 जून को बंद होगा।

उन्होंने कहा कि जयपुर में कंपनी का मुख्य रिटेल आउटलेट अक्टूबर-नवंबर तक शुरू होने की उम्मीद है और इसके बाद के स्टोर फ्रैंचाइज़ी मॉडल पर खोले जाएंगे। कंपनी दक्षिण भारत में विस्तार करने से पहले शुरुआती तौर पर उत्तर भारत पर ध्यान देगी, हालांकि अभी जगहों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

जयपुर स्थित आभूषण क्षेत्र की कंपनी अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड खासतौर पर कुंदन, पोल्की, डायमंड और स्टडेड (रत्न जड़े) गहने बनाने के लिए जानी जाती है। इसका ब्रैंड नेम 'रामभजो' है।

कंपनी के डायरेक्टर गिलारा ने बताया कि गहने बनाने की पूरी प्रक्रिया जैसे सोना पिघलाना, शीट और चेन बनाना, नग जड़ना, पॉलिशिंग और क्वालिटी की जांच यह सब कुछ कंपनी के अंदर ही किया जाता है। कंपनी के कर्मचारियों का एक बड़ा हिस्सा कुशल कारीगरों का है और हर एक गहना बाजार में जाने से पहले कई लेवल की क्वालिटी जांच से गुजरता है।

उल्लेखनीय है कि अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड कंपनी भारत में रत्नों और गहनों के सबसे बड़े गढ़ राजस्थान के जयपुर में स्थित है। ये कंपनी पारंपरिक और आधुनिक, दोनों तरह के हाथ से बने बेहतरीन गहने बनाने और बेचने का काम करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0