मैक्रों ने नेतन्याहू से ज़िम्मेदारी और समझदारी दिखाने का आग्रह किया

युगवार्ता    19-Jun-2026
Total Views |
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (फाइल फाेटाे)


इस्तांबुल, 19 जून (हि.स.)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ज़िम्मेदारी और समझदारी दिखाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वे गाज़ा, वेस्ट बैंक और दक्षिणी लेबनान में इज़राइल की नीतियों से सहमत नहीं हैं।

फ्रांस के एवियन में टीवी चैनल फ्रांस-2 को दिए साक्षात्कार को लेकर तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू ने बताया कि मैक्रों ने वेस्ट बैंक में नई बस्तियों के निर्माण और अन्य कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए उन्हें पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उनका कहना था कि ऐसी नीतियां क्षेत्र में नाराज़गी और हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं तथा शांति प्रयासों को कमजोर कर रही हैं।

मैक्रों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता हाल ही में आयोजित जी-7 समिट के अंतिम चरण में तय हुआ था। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि यह समझौता ईरान के समर्पण का संकेत है। उन्होंने कहा कि ईरान की कई सैन्य क्षमताओं को कमजोर किया जा चुका है लेकिन अगले 60 दिनों तक चलने वाली वार्ताओं में महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा आवश्यक होगी। मैक्रों ने यह भी दोहराया कि फ्रांस और ब्रिटेन होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से सुरक्षित और खुला रखने में सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि पेरिस ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर संभावित वार्ताओं में भाग लेने के लिए भी तैयार है। उन्होंने लेबनान की सेना को देश के विभिन्न क्षेत्रों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता देने की भी बात कही।

वहीं, यूक्रेन-रूस के बीच चल रहे युद्ध पर उन्हाेंने यूक्रेन के प्रतिरोध की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने साहस, नवाचार और सैन्य उत्पादन क्षमता के बल पर दुनिया को चौंकाया है।

मैक्रों ने उम्मीद जताई कि रूस पर दबाव बढ़ाकर उसे बातचीत की मेज़ पर लौटने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने संघर्ष के समाधान की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए प्रयासों का भी स्वागत किया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags