किश्तवाड़ में आतंकियों का नेटवर्क ध्वस्त, गिरफ्त में आए दो सहयोगी

19 Jun 2026 15:18:53

किश्तवाड़, 19 जून (हि.स.)। किश्तवाड़ जिले में आतंकियों की मदद करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें वन विभाग का एक कर्मचारी भी शामिल है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि किश्तवाड़ जिले के डच्चन इलाके के टंडर निवासी तारिक अहमद गिनू (वन विभाग में सरकारी कर्मचारी) और मोहम्मद इकबाल को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान की गईं। पुलिस ने कहा कि ये दोनों स्थानीय आतंकियों की मदद करने और उन्हें सहायता उपलब्ध कराने में शामिल थे। इससे पहले इसी मामले में चत्रू इलाके के दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था।

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह ने कहा कि ये गिरफ्तारियां विस्तृत जांच के बाद की गईं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0