तीन दिवसीय पंजाब के दौरे पर रहेंगे नितिन नवीन

19 Jun 2026 19:01:53
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ( फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वहां तीन दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। वे 20 से 22 जून तक पंजाब में विभिन्न कार्यक्रम में भाग लेंगे। अध्यक्ष पद संभालने के बाद नितिन नवीन का यह पहला दौरा है। इस दौरान वे पंजाब में संगठन की तैयारी और विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। भाजपा ने पंजाब में सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस लिहाज से यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

पार्टी के अनुसार नितिन नवीन 20 जून को अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब, जालियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ में मत्था टेककर यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद जालंधर में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। 21 जून को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद लुधियाना में नए जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगे। 22 जून को वे चंडीगढ़ में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, यूथ प्रतिनिधियों के साथ मंथन करेंगे तथा पंजाब भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0