यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार

19 Jun 2026 02:03:53
पकड़े गए संदिग्धों की फोटो


बुलंदशहर/लखनऊ, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की

एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (एटीएस) नेे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल दो संदिग्धों को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया हैं। गिरफ्तार अभियुक्त सोशल मीडिया के माध्यम से स्लीपर सेल तैयार करने, भय एवं आतंक का माहौल उत्पन्न करने का प्रयास करने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी जैसी गतिविधियों में संलिप्त थे।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आबिद जट्ट के आतंकी नेटवर्क के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में उत्तर प्रदेश एटीएस ने बुलन्दशहर से इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

पकड़े गए संदिग्धों की पहचान बुलंदशहर के ग्राम अकबरपुर निवासी मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है।

एटीएस की शुरुआती जांच और इनपुट के अनुसार, ये दोनों आरोपित बुलंदशहर में पहचान छुपाकर 'स्लीपर सेल' के रूप में रह रहे थे। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि ये दोनों सीधे तौर पर पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी और हैंडलर्स आबिद जट के संपर्क में थे।

आरोपितों को पाकिस्तानी डॉन आबिद जट्ट के पोस्टर बुलंदशहर के कई इलाकों में लगाने और उनके वीडियो बनाकर भेजने का काम दिया गया था। इसके बदले उन्हें रुपये मिलने थे। इनका मकसद लोगों में डर और दहशत का माहौल बनाना था। दोनों को आर्मी कैंट जैसी संवेदनशील जगहों की रेकी का भी टास्क दिया गया था। आरोपितों के पास से आबिद जट्ट के पोस्टर, पोस्टर लगाते समय बनाए गए वीडियो और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं।

एटीएस और सुरक्षा जांच एजेंसी दोनों आरोपितों से आगे की पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दोनों संदिग्धों को पाकिस्तान से क्या निर्देश मिल रहे थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इनके नेटवर्क से और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Powered By Sangraha 9.0