शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में निचले स्तर से रिकवरी, सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति में सुधार का रुख

02 Jun 2026 10:26:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवर करता हुआ नजर आ रहा है। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई । बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। हालांकि बीच-बीच में बिकवाली का झटका भी लगता रहा। इसके बावजूद ये दोनों सूचकांक लाल निशान में होने के बावजूद लगातार धीरे-धीरे रिकवर करते रहे। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.23 प्रतिशत और निफ्टी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा, इंफोसिस, कोल इंडिया, टीसीएस और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 3.99 प्रतिशत से लेकर 1.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, मैक्स हेल्थकेयर और आईटीसी के शेयर 3.21 प्रतिशत से लेकर 2.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,734 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,258 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,476 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से छह शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 24 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स 322.14 अंक की कमजोरी के साथ 73,945.20 अंक के स्तर पर खुला। बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक गिर कर 73,815.12 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 172.25 अंक की गिरावट के साथ 74,095.09 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने 153.45 अंक टूट कर 23,229.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक को लिवालों का सहारा मिल गया, जिससे इसकी चाल में सुधार होने लगा। हालांकि बीच-बीच में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद खरीदारी का जोर लगातार बना रहा, जिससे यह सूचकांक निचले स्तर से लगातार रिकवर करता रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 66.55 अंक की कमजोरी के साथ 23,316.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 508.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,267.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 165.15 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,382.60 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0