दिल्ली में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश, बिहार, तेलंगाना में लू के आसार

20 Jun 2026 17:52:53
दिल्ली मौसम (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। दिल्ली में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। एनसीआर के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कुछ जगहों पर भी यही स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। वहीं बिहार, तेलंगाना, कोंकण और गोवा जैसे कुछ क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक लू जारी रहने के आसार हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए अगले सात दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक राजधानी में रविवार का तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि आर्द्रता 65-45 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। अगले तीसरे दिन भी यही स्थिति जारी रहेगी लेकिन उमस का प्रतिशत 70-45 के बीच रहने की संभावना है। इसके बाद राजधानी के कुछ जगहों पर अगले चार दिन (23-26 जून तक) आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दिन यहां का मौसम भी सामान्य रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक एक तरफ देश के कुछ हिस्से के लोग दक्षिण-पश्चिम मानूसन का आनंद ले रहे हैं वहीं दूसरी तरफ बिहार, तेलंगाना, कोंकण और गोवा जैसे कुछ क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानूसन धीमी गति से बढ़ रहा है, इसलिए यहां अगले कुछ दिनों तक लू जारी रहने के आसार हैं, जिससे यहां के निवासियों को फिलहाल गर्म हवाओं से राहत मिलना बाकी है।

इस सप्ताह उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के जोरदार असर दिखाने के आसार हैं, क्य़ोंकि मौसम अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के लिए भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0