मॉस्को, 20 जून (हि.स./ रिया नोवोस्ती)। अमेरिका कतर के साथ मिल कर ईरान काे मानवीय खर्च के लिए छह अरब डाॅलर की संपत्ति के इस्तेमाल की अनुमति देने पर विचार कर रहा है।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने शनिवार को सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिका, कतर के साथ मिलकर एक योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत ईरान को मानवीय खर्च के लिए अपनी 6 अरब डॉलर की फ्रीज की गई संपत्ति (फंड) का इस्तेमाल करने की इजाज़त दी जाएगी।
अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पहल को ईरान के लिए एक प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है, ताकि वह अमेरिका के साथ अंतिम समझौते पर एक व्यापक करार कर सके।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कतर में अभी जब्त किए गए फंड का इस्तेमाल भोजन, दवा और अन्य मानवीय सामान खरीदने के लिए किया जाएगा। सूत्रों ने अखबार को बताया कि यह तरीका भविष्य में ईरान की अन्य जब्त संपत्तियों के संबंध में रियायतें देने के लिए एक आधार का काम कर सकता है।
खबरों के अनुसार, ईरान ने अभी तक इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी है।
गत 14 जून को ईरान और अमेरिका ने पुष्टि की कि एक समझौता ज्ञापन पर काम पूरा हो गया है। 18 जून की रात दोनों देशों ने दूर से ही उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए, जिसमें 28 फरवरी को शुरू हुए सैन्य संघर्ष को खत्म करने की व्यवस्था है। यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों को ईरानी परमाणु मुद्दे और अमेरिकी प्रतिबंधों पर अंतिम समझौते को लेकर बातचीत करने के लिए 60 दिन का समय देता है। इसके अलावा यह अमेरिका के लिए अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से शिपिंग बहाल करने के लिए एक समय-सीमा भी तय करता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया