मध्य प्रदेश पर्यटन के ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन’ को मिला प्रतिष्ठित ‘स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2026’

20 Jun 2026 23:03:53
मध्य प्रदेश पर्यटन को मिला ‘स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2026’


मध्य प्रदेश पर्यटन को मिला ‘स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2026’


भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने पर्यटन क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित करते हुए अपने ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन’ के लिए प्रतिष्ठित ‘स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2026’ प्राप्त किया है। यह सम्मान राज्य में सतत, समुदाय-केंद्रित एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिये किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।

यह प्रतिष्ठित सम्मान शनिवार को 108वें स्कॉच समिट– ‘विकसित भारत’ के अंतर्गत नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह प्रदान किया गया। इस अवसर पर देश से नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से रेसिडेंट मैनेजर देवेंद्र राय ने यह सम्मान ग्रहण किया।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश पर्यटन द्वारा संचालित ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन’ स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पर्यटन के माध्यम से आजीविका संवर्धन, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। यह सम्मान न केवल मध्य प्रदेश पर्यटन की अभिनव एवं दूरदर्शी कार्यप्रणाली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है, बल्कि राज्य को जिम्मेदार एवं सतत पर्यटन के क्षेत्र में एक अग्रणी मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0