(अपडेट)12 साल में देश में कई अभूतपूर्व कार्य हुए, 25 करोड़ लोग गरीबी से आए बाहर : मनोहर लाल

20 Jun 2026 19:03:53
ग्रीनफील्ड परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल


ग्रीनफील्ड परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री


ग्रीनफील्ड परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल


इंदौर में ग्रीनफील्ड परियोजना का भूमि-पूजन करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री


ग्रीनफील्ड परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में हेलमेट सुरक्षा अभियान की शुरुआत करते हुए


ग्रीनफील्ड परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में हितलाभ वितरण


- केन्द्रीय मंत्री ने मप्र को दी 5,657 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरीडोर का किया भूमि-पूजन

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 साल के कार्य काल में कई अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। भारत ने आज दुनिया के देशों को नेतृत्व दिया है। देश में गरीब-जरूरतमंदों को नि:शुल्क आवास, राशन और गैस कनेक्शन दिए गए हैं। विगत 12 सालों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरीडोर के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विरासत से विकास की प्रेरणा दी है और इसी को ध्येय बनाकर मध्य प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

डॉ. यादव दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री

केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन में स्मार्ट सिटी के उत्कृष्ट कार्य हुए हैं, यह सराहनीय पहल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जो मध्य प्रदेश को बहुत आगे ले जाएंगे। हमारी सांस्कृतिक विरासत के बिना हमारा गौरव शून्य हो जाएगा। उज्जैन देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बनें, इसके लिए कार्य जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने काशी में विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर और केदारनाथ धाम में विकास को नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर, उज्जैन और सांवेर सहित अन्य शहरों को 5 हजार 657 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। यह प्रदेश की जनता के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इंदौर के पितेृश्वर महादेव से बाबा महाकल तक आने के लिए सीधी सड़क का भूमि-पूजन हुआ है। यह परियोजना पीथमपुर को निमाड़ क्षेत्र में आगे दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ेगा और क्षेत्र के लिए आर्थिक समृद्धि का अहम मार्ग बनेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की मांग पर इसकी ऊंचाई कम की है, जिससे किसानों को भी आवागमन में लाभ मिलेगा। प्राचीन काल में इस मार्ग से वर्षभर साधु-संत और श्रद्धालु पैदल यात्रा करते थे। ग्रीन फील्ड कॉरीडोर उज्जैन-सांवेर-इंदौर क्षेत्र के विकास का नया पर्याय बनेगा। यह परियोजना सिंहस्थ के दृष्टिगत प्रदेश को बड़ी सौगात है। करीब 48 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का निर्माण लगभग 2 हजार 935 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के चंद्रावतीगंज में इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरीडोर का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजना के हितग्राहियों को हितलाभ और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर हेलमेट वितरित किए।

ग्रीन फील्ड कॉरीडोर विकास का बनेगा नया पर्याय

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर इंदौर के पितृ पर्वत क्षेत्र से शुरू होकर उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर के समीप सिंहस्थ बायपास तक पहुंचेगा। इस मार्ग के बन जाने से इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन अधिक सुगम और तेज होगा, साथ ही सिंहस्थ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। फतेहाबाद और चंद्रावतीगंज इंदौर-उज्जैन के बीच व्यापार-व्यवसाय का प्रमुख केंद्र रहा है, ग्रीनफील्ड कॉरीडोर विकास का नया पर्याय बनेगा। यह रोड उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी के लिए नए सूर्योदय के समान है। अब इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, धार और रतलाम तक 16 हजार वर्ग किलोमीटर में फैले मेट्रोपॉलिटन एरिया में 6 रेलवे जंक्शन, 2 एयरपोर्ट, 4 हवाई पट्टी और 2 राजमार्ग शामिल होंगे। सड़क मार्ग, उद्योग-व्यापार-कृषि और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों के विकास में अहम योगदान देता है। अब फतेहाबाद को रेलवे के डबल ट्रैक की भी सौगात मिलने जा रही है।

हेलमेट सुरक्षा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दोपहिया वाहन चालकों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार ने हेलमेट सुरक्षा अभियान आरंभ किया है। सड़क हादसों के समय हेलमेट लोगों की जान बचाने में ईश्वरीय भू्मिका निभाता है। इसी क्रम में इंदौर प्रशासन द्वारा आज हेलमेट वितरण किया जा रहा है।

स्वनिधि योजना में 20 हजार व्यापारियों को 51 करोड़ रुपये जारी

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 42 हजार से अधिक हितग्राहियों को 2 हजार 548 करोड़ रुपये से अधिक लागत के आवासों का भूमि-पूजन किया और प्रदेश में 992 करोड़ से निर्मित 38 हजार आवासों में गृह-प्रवेश कराया गया। इसके साथ ही 446 करोड़ की लागत से 116 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 310.82 करोड़ की 37 परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया। क्षेत्र के 20 हजार छोटे व्यापारियों को स्वनिधि योजना अंतर्गत 51 करोड़ रुपये राशि जारी की गई। कार्यक्रम में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवर और जल निकासी की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ और फायर ब्रिगेड के 36 स्टेशनों के लिये वाहन और उपकरण उपलब्ध कराए गए।

मध्य प्रदेश ने किसानों से सबसे अधिक गेहूं खरीदने का बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौमाता पूज्य है, यह हमें अपनी संस्कृति पर गर्व का अवसर देती है। राज्य सरकार ने वृंदावन गांव और गीता भवन तैयार करने का संकल्प लिया है। कृषक कल्याण वर्ष 2026 में राज्य सरकार ने अनेक किसान हितैषी निर्णय लिए हैं। मध्य प्रदेश ने किसानों से सबसे अधिक गेहूं खरीदने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया है। प्रदेश के पौने 14 लाख किसानों से गेहूं उपार्जन कर प्रति क्विंटल 2625 रुपए का भुगतान किया है।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के शासन में भारत ने बनाई अपनी विशिष्ट पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के शासन काल में भारत ने देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश सबसे पहले नक्सलवाद से मुक्त होने वाला राज्य बना है। नक्सल उन्मूलन कर हमने समर्पण करने वालो को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है। आज देशभर से नक्सलवाद का सफाया हो चुका है। भारत सरकार देश के अंदर और सीमाओं को सुरक्षित रख रही है।

सिंहस्थ- 2028 में शिप्रा मैया के जल से आचमन औैर स्नान करेंगे श्रद्धालु

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव भव्य और दिव्य सिंहस्थ 2028 के आयोजन के लिए पूरे संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उज्जैन में माँ शिप्रा के घाटों का निर्माण तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। सिंहस्थ- 2028 में आने वाले श्रद्धालु शिप्रा मैया के जल से आचमन औैर स्नान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0