मेलोनी का ट्रंप को करारा जवाब- ‘मेरी लोकप्रियता आप पर निर्भर नहीं’

20 Jun 2026 21:09:53

- मेलोनी बोलीं, ‘मैं पश्चिमी एकता में अब भी विश्वास करती हूं’

रोम/वॉशिंगटन, 20 जून (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच सोशल मीडिया पर सामने आई टिप्पणियों ने अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक हलकों में चर्चा पैदा कर दी है। दोनों नेताओं के कथित बयानों के बाद मेलोनी ने पश्चिमी देशों की एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इटली की प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक संदेश में कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की हालिया टिप्पणी का जवाब दिया है, लेकिन वह इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। उन्होंने कहा कि वह अब भी पश्चिमी देशों की एकजुटता में विश्वास करती हैं और उनके अनुसार सार्वजनिक स्तर पर इस प्रकार का विवाद जिम्मेदार नेतृत्व के अनुरूप नहीं माना जा सकता।

इससे पहले, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री को लेकर कई टिप्पणियां की थीं। इसके जवाब में मेलोनी की ओर से साझा संदेश में इटली की संप्रभुता, राष्ट्रीय हितों और दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया गया।

मेलोनी ने अपने संदेश में कहा कि उनकी राजनीतिक लोकप्रियता किसी व्यक्तिगत संबंध पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की क्षमता पर आधारित है। उन्होंने यह भी दोहराया कि इटली एक संप्रभु राष्ट्र है और राष्ट्रीय निर्णय देश के हितों को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0