
भुवनेश्वर, 20 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। प्रधानमंत्री विशेष भारतीय वायुसेना हेलीकॉप्टर से मयूरभंज के पहाड़पुर गांव स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां राज्यपाल हरि बाबू कंभमपटि, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, वरिष्ठ मंत्रीगण और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे।
हेलीपैड से प्रधानमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विशेष काफिले के साथ पहाड़पुर गांव पहुंचे। यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहले से ही उपस्थित थीं, जो अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने ससुराल पक्ष के गांव आई हुई थीं।
इसके बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने संयुक्त रूप से कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने सांथाली जाहेरा और हो जाहेरा जैसे पवित्र स्थलों पर पूजा-अर्चना की तथा एक कौशल विकास केंद्र और पहाड़पुर एसएलएस मेमोरियल स्कूल का दौरा किया। इस दौरान क्षेत्र में शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जो ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की थीम “विकास की धारा, ओडिशा सारा” रखी गई है।
इस अवसर पर 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे ।
यह दौरा ओडिशा में विशेषकर जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो