

नई दिल्ली, 20 जून (हि.स)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज लिमिटेड के साथ साझेदारी करके एक नया को-ब्रांडेड 'ट्विन' क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है। यह अनूठा कार्ड ग्राहकों को एक साथ वीजा और रुपे दोनों नेटवर्क की सुविधाएं प्रदान करता है।
पंजाब नेशनल बैंक ने एक बयान में कहा कि पीएनबी ने जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज लिमिटेड के साथ साझेदारी कर वीजा और रुपे की सुविधाओं वाला सह-ब्रांडेड ‘पीएनबी-जैगल क्रेडिट कार्ड’ पेश किया है। पर्यावरण के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए ये क्रेडिट कार्ड 'बायोडिग्रेडेबल' सामग्री से निर्मित हैं।
बैंक ने कहा कि यह कार्ड दोहरे नेटवर्क विकल्प के साथ उपलब्ध होगा। इसमें वीजा नेटवर्क की वैश्विक स्वीकार्यता और यात्रा संबंधी सुविधाओं के साथ रुपे नेटवर्क के जीवनशैली लाभ तथा यूपीआई आधारित भुगतान सुविधा का संयोजन किया गया है। बैंक का मकसद भारत के ऐसे क्रेडिट कार्ड मार्केट में अपनी मौजूदगी मज़बूत करना है, जहां अभी बहुत कम लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं और साथ ही युवा ग्राहकों की बढ़ती मांग का फ़ायदा उठाना है।
पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्र ने कहा कि बैंक युवा और डिजिटल रूप से जागरूक ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अभिनव डिजिटल भुगतान समाधान विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत में क्रेडिट कार्ड क्षेत्र में अभी भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं और जैगल के साथ साझेदारी बैंक के क्रेडिट कार्ड कारोबार को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ अविनाश रमेश गोडखिंडी ने कहा, ‘‘यह भागीदारी हमारी उस रणनीति का अहम हिस्सा है जिसके तहत हम ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर अधिक वित्तीय प्रौद्योगिक उत्पाद बना रहे हैं।’’
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर