राष्ट्रपति ने कूनो नेशनल पार्क में किया चीता कमांड कंट्रोल सेंटर का भ्रमण, चीता प्रदर्शिनी भी देखी

21 Jun 2026 23:11:53
राष्ट्रपति कूनो में चीता कमांड कंट्रोल सेंटर और चीता प्रदर्शिनी का अवलोकन करती हुईं


राष्ट्रपति की कूनो हेलीपैड पर आगवानी करते हुए मंत्री राकेश शुक्ला


राष्ट्रपति से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की सौजन्य भेंट


भोपाल, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कूनो नेशनल उद्यान के दो दिवसीय प्रवास के दौरान रविवार शाम को चीता कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का अवलोकन किया। चीता कमांड एवं कण्ट्रोल सेंटर के अवलोकन के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु को चीतों कि निगरानी और ट्रैकिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।

राष्ट्रपति ने चीता कमांड एवं कंट्रोल सेंटर परिसर में चीता प्रोजेक्ट की अभी तक की प्रगति पर लगाई गई प्रदर्शिनी का अवलोकन किया। राष्ट्रपति को अवगत कराया गया कि वर्तमान में भारत में चीतों की संख्या 52 है, जिनमें से 49 चीते कूनो में मौजूद है, तीन चीते गाँधी सागर अभयारण्य मंदसौर भेजे गए है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने इस दौरान चीतों के लिए की गई आवश्यक सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। बताया गया कि हर दो किलोमीटर पर जंगल में वाटर पिट बनाये गए हैँ, जिनमें अवश्यकतानुसार पानी भरवाया जाता है। इस दौरान उन्हें बोत्सवाना से लाये गए चीतों की गतिविधियों की भी जानकारी दी गयी। इस दौरान सीसीफ उत्तम कुमार, कलेक्टर शीला दाहिमा, डीएफओ आर थिरूकुराल आदि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मु द्वारा अपनी बोत्सवाना यात्रा के दौरान आठ चीते रिसीव किये गए थे, जिन्हें कुनो लाया गया है।

राष्ट्रपति की कूनो हेलीपैड पर हुई आगवानी

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय प्रवास पर रविवार को श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचीं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी साथ रहे। इस अवसर पर कूनो नेशनल पार्क स्थित हेलीपैड पर मिनिस्टर इन वेटिंग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने आगवनी करते हुए पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, प्रमुख सचिव संदीप यादव, पीसीसीएफ शुभरंजन सेन, कलेक्टर शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल द्वारा भी उनकी आगवनी करते हुए स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति मुर्मु कूनो नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करेंगी और भारत में चीतों के पुनर्स्थापन की इस महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा भी करेंगी।

राष्ट्रपति से मुख्यमंत्री डॉ यादव की सौजन्य भेंट, स्मृति चिन्हों का हुआ आदान-प्रदान

इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से जबलपुर सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौजन्य भेंट की। इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान दोनों के बीच आत्मीय संवाद हुआ और संस्कृति व श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप स्मृति चिन्हों का आदान-प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति मुर्मु को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश आगमन पर स्वागत करते हुए जीवनदायिनी मां नर्मदा की बेहद सुंदर प्रतिमा भेंट की। वहीं, राष्ट्रपति मुर्मु ने भी अपनी ओर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुरी स्थित सुप्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम तथा बहन सुभद्रा की अलौकिक तस्वीर सप्रेम भेंट की। ओडिशा की ऐतिहासिक धरोहर कोणार्क सूर्य मंदिर के विश्व प्रसिद्ध चक्र की भव्य प्रतिकृति भी उपहार स्वरूप प्रदान की।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0