ग्लोबल स्किल्स चैलेंज में हिस्सा लेने ऑस्ट्रेलिया रवाना हुई 30 सदस्यीय भारतीय टीम, कौशल विकास मंत्रालय ने दीं शुभकामनाएं

21 Jun 2026 20:28:53
ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले 'ग्लोबल स्किल्स चैलेंज 2026' में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना होने से पूर्व नई दिल्ली में केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) तथा एनएसडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 30 सदस्यीय 'टीम इंडिया'।


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। शंघाई में होने वाली आगामी वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता की तैयारियों को तेज करते हुए कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) ने रविवार को ‘टीम इंडिया’ को ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल स्किल्स चैलेंज’ (जीएससी) 2026 के लिए रवाना किया। इस कौशल अनुकरण (सिमुलेशन) अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए 15 प्रतियोगियों और 15 विशेषज्ञों (एक्सपर्ट्स) सहित कुल 30 सदस्यीय भारतीय दल हिस्सा ले रहा है। यह वैश्विक प्रतियोगिता 23 से 29 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है।

कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय ने रविवार को बताया कि वर्ल्डस्किल्स ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित होने वाला यह ग्लोबल स्किल्स चैलेंज पूरी तरह से शंघाई (चीन) में होने वाली 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता की तर्ज पर तैयार किया गया एक अंतरराष्ट्रीय मंच है। यह आयोजन भाग लेने वाले देशों को अपने प्रदर्शन का आकलन करने, तैयारियों को परखने और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी वैश्विक माहौल में अपनी दक्षता को धार देने में मदद करता है। इसमें 15 कौशल श्रेणियों में भारतीय टीम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।

मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कार्यक्रम में कहा कि ग्लोबल स्किल्स चैलेंज 2026 ऑस्ट्रेलिया केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने, अपने कौशल को निखारने और शंघाई के लिए तैयार होने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रतियोगियों को अपने विशेषज्ञों की बातों को ध्यान से सुनने, केंद्रित व अनुशासित रहने और हर सीखने के अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए ये सभी पहले से ही विजेता हैं और मंत्रालय को उनकी इस यात्रा पर अत्यंत गर्व है।

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सीईओ अरुणकुमार पिल्लई ने कहा कि भारतीय दल के प्रत्येक उम्मीदवार ने भारत में सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए एक बेहद कठिन और प्रतिस्पर्धी यात्रा तय करके यह स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि शंघाई प्रतियोगिता से पहले यह ग्लोबल स्किल्स चैलेंज अंतिम पड़ाव है और अब समय अधिक ध्यान, अनुशासन तथा दृढ़ संकल्प दिखाने का है। सभी प्रतिभागी अपनी ट्रेनिंग पर भरोसा रखेंगे और सितंबर 2026 में शंघाई के पोडियम पर खड़े होने के क्षण की कल्पना करते हुए सफलता हासिल करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी ‘स्किल इंडिया’ फैमिली हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

एमएसडीई की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार मनीषा सेंसरमा, एमएसडीई की संयुक्त सचिव हेना उस्मान सहित मंत्रालय और एनएसडीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस बार भारतीय टीम 3डी डिजिटल गेम आर्ट, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी, ब्यूटी थेरेपी, क्लाउड कंप्यूटिंग, ग्राफिक डिजाइन टेक्नोलॉजी, हेल्थ एंड सोशल केयर, रेस्टोरेंट सर्विस और वेब टेक्नोलॉजीज जैसी कुल 15 उन्नत व विविध श्रेणियों में विश्व स्तर पर मुकाबला करेगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0