प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग भारत का सबसे शक्तिशाली वैश्विक कल्याण आंदोलन बना: सर्बानंद सोनोवाल

21 Jun 2026 23:22:53
मुंबई के प्रतिष्ठित गेटवे ऑफ इंडिया पर रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में उपस्थित जनसमूह में केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल।


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग दुनिया में भारत के सबसे प्रभावशाली योगदान के रूप में उभरा है, जिसने एक प्राचीन सभ्यतागत विरासत को स्वास्थ्य, सद्भाव और समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक आंदोलन में बदल दिया है। योग की राष्ट्रव्यापी और वैश्विक स्वीकृति भारत की बढ़ती सॉफ्ट पावर को दर्शाती है और यह दिखाती है कि कैसे देश का कालातीत ज्ञान कल्याण और सतत जीवन पर वैश्विक चर्चाओं को आकार दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को मुंबई के प्रतिष्ठित गेटवे ऑफ इंडिया पर मुंबई पोर्ट अथॉरिटी (एमबीपीए) द्वारा आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित किया। इस भव्य समारोह के दौरान गेटवे ऑफ इंडिया पर लगभग 5,000 लोगों सहित मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के विभिन्न स्थानों पर कुल 10,000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, सांसद निशिकांत दुबे और रवि किशन, मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष डॉ. एम. अंगमुथु, अभिनेता ईशा देओल और नीतू चंद्रा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन और योग सत्र के सीधे प्रसारण को देखा और सुना। प्रधानमंत्री के लाइव सत्र के बाद प्रशिक्षित प्रशिक्षकों ने गेटवे ऑफ इंडिया और मुंबई पोर्ट के अन्य स्थानों पर सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तहत योगाभ्यास कराया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कल्याण और स्वास्थ्य के प्रति एक वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो योग कभी हमारे घरों, आश्रमों और समुदायों तक सीमित था, उसे आज दुनिया भर में अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह न केवल शारीरिक व्यायाम है, बल्कि जीवन जीने की एक कला है जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक लचीलापन और आंतरिक संतुलन को पोषित करती है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (योगा फॉर हेल्दी एजिंग) विषय के तहत आयोजित इस उत्सव ने स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को उजागर किया है। गेटवे ऑफ इंडिया के मुख्य आयोजन के अलावा जवाहर द्वीप, पीर पाऊ, तेजपाल नगर स्थित फायर स्टेशन, मझगांव और कोलाबा की आवासीय कॉलोनियों तथा मुंबई हार्बर में लंगर डाले करीब 20 जहाजों व नावों पर भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिसमें नाविकों, एनसीसी कैडेटों, सीआईएसएफ कर्मियों और स्कूली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0