ट्रंप की ईरान को चेतावनी, हिज्बुल्लाह पर लगाम लगाने को कहा

21 Jun 2026 22:58:53

वॉशिंगटन, 21 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के मध्य तनाव खत्म करने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए लेबनान में सक्रिय हिज्बुल्लाह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में संकेत दिया कि यदि ईरान इस दिशा में कदम नहीं उठाता है तो अमेरिका और अधिक कठोर कार्रवाई कर सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखने के लिए ईरान को अपने सहयोगी संगठनों की गतिविधियों को नियंत्रित करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो अमेरिका पहले की तुलना में अधिक कठोर कदम उठा सकता है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव को कम करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। अमेरिका लंबे समय से ईरान पर क्षेत्रीय समूहों को समर्थन देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि ईरान इन आरोपों को खारिज करता रहा है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0