विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगोलिया में अपने समकक्ष से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग हुई चर्चा

22 Jun 2026 17:23:54
मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में अपने समकक्ष विदेश मंत्री बत्त्सेत्सेग बैटमुंख से मुलाकात करते विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर।


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर अपनी चार दिन की विदेश यात्रा के पहले चरण में सोमवार को मंगोलिया पहुंचे और राजधानी उलानबटोर में अपने समकक्ष विदेश मंत्री बत्त्सेत्सेग बैटमुंख से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग की विकास परियोजनाओं, क्षमता निर्माण, संस्कृति, शिक्षा, सुरक्षा जैसे तमाम मुद्दों पर चर्चा की।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें विदेश मंत्री बत्त्सेत्सेग बैटमुंख से मुलाकात कर खुशी हुई। बातचीत में भारत‑मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी की गर्मजोशी, मजबूती और संभावनाएं झलकती हैं। दोनों नेताओं ने विकास परियोजनाओं, क्षमता निर्माण, संस्कृति, शिक्षा, सुरक्षा और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही खनन, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि प्रसंस्करण में अवसरों पर भी चर्चा की।

जयशंकर ने कहा कि भारत मंगोलिया का तीसरा पड़ोसी और आध्यात्मिक साझेदार है और दोनों देशों के घनिष्ठ व सौहार्दपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. जयशंकर 22 और 23 जून को मंगोलिया की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे मंगोलियाई नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके बाद विदेश मंत्री 24 और 25 जून को दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे। वहां वे विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ बातचीत करेंगे और 25 जून को जेजू में आयोजित ‘शांति और समृद्धि के लिए जेजू फोरम’ में मुख्य भाषण देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0