सेंसर बोर्ड की कैंची से नहीं बच पाई 'वेलकम टू द जंगल'

22 Jun 2026 16:29:53
वेलकम टू द जंगल - फोटो सोर्स एक्स


अक्षय कुमार अभिनीत बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू जंगल' अपनी रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की सख्ती के कारण चर्चा में आ गई है। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, लेकिन उससे पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म में कई दृश्यों और संवादों पर आपत्ति जताते हुए कुल 14 बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। निर्माताओं ने फिल्म को प्रमाणन के लिए बोर्ड के पास भेजा था, जिसके बाद यह फैसला सामने आया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सेंसर बोर्ड ने कुछ संवादों में बदलाव की मांग की है। फिल्म में मौजूद 'काला पैदा हुआ है, कोयला है' संवाद को बदलकर 'सादा पैदा हुआ है, नमूना हुआ है' करने को कहा गया है। इसके अलावा 'स्क्रूड' शब्द को उपयुक्त शब्द से बदलने, 'अजरुद्दीन' की जगह 'अल्लाउद्दीन' और 'गोरखा रेजिमेंट' को 'तुम आर्मी से हो?' जैसे संवादों से प्रतिस्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कुछ दृश्यों को पूरी तरह हटाने और कुछ आपत्तिजनक संवादों को संशोधित करने की भी सलाह दी गई है।

सेंसर बोर्ड ने फिल्म के एक गाने में मौजूद बिकिनी और क्लोज-अप शॉट्स को भी बदलने के लिए कहा है। साथ ही दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस पर फिल्माए गए कुछ ग्लैमरस दृश्यों में भी कट लगाने के निर्देश दिए हैं। अश्लील इशारों वाले कुछ दृश्यों को हटाकर उनकी जगह अन्य शॉट्स जोड़े गए हैं। इन सभी बदलावों के बाद फिल्म को U/A 16+ प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।

फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 44 मिनट 50 सेकेंड निर्धारित की गई है। मल्टीस्टारर इस कॉमेडी एंटरटेनर में अक्षय कुमार के साथ कई लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे। अब दर्शकों की निगाहें फिल्म की एडवांस बुकिंग और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं, जिसकी शुरुआत 23 जून से होने जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0