कुनाल शाह संभालेंगे व्हाट्सएप की कमान

22 Jun 2026 21:14:53
कुनाल शाह


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दुनिया की सबसे बड़ी मैसेजिंग सेवा व्हाट्सएप की जिम्मेदारी अब एक भारतीय संभालेगा। विल कैथकार्ट के पद से हटने के बाद कुनाल शाह को इसका अगला प्रमुख बनाया गया है। फेसबुक और व्हाट्सएप का संचालन करने वाली कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने सोमवार को इसकी घोषणा की।

कुनाल शाह उद्यमी, निवेशक और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं। उनका जन्म मुंबई में हुआ। वे फ्रीचार्ज के संस्थापक रहे हैं। उन्होंने ऋण और वित्तीय सेवाओं से संबंधित कंपनी ‘क्रेड’ की स्थापना की। कुनाल शाह नवाचार, उद्यमिता और निवेश के लिए जाने जाते हैं।

जुकरबर्ग ने कहा कि कुनाल शाह मेटा में व्हाट्सएप के अगले प्रमुख के रूप में शामिल होंगे। कुनाल ने ‘क्रेड’ को भारत की सबसे महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक बनाया है। वे निर्माण-केंद्रित सोच और वैश्विक दृष्टिकोण लेकर आते हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप का संचालन करने में उनके लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि विल कैथकार्ट ने हाल ही में घोषणा की है कि वे सात वर्षों तक ऐप का नेतृत्व करने के बाद व्हाट्सएप के प्रमुख पद से हट रहे हैं। विल मेटा के सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने व्हाट्सएप को तीन अरब से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद की और हमारे समुदाय के लिए गोपनीयता की मजबूती से वकालत की। “मैं इन वर्षों में उनके सहयोग और योगदान के लिए उनका अत्यंत आभारी हूँ।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0