(अपडेट) मप्र के छिंदवाड़ा में बेकाबू ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 6 मजदूरों की मौत और 20 घायल

22 Jun 2026 19:01:53
हादसे के बाद पिकअप वाहन और घायल मजदूरों को रेस्क्यू करते हुए लोग


- मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

छिंदवाड़ा, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में नेशनल हाइवे पर सावरी पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार को मजदूरों से भरे पिकअप वाहन को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरादर टक्कर मार दी। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष हैं।

इस हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त कर मृतकों के परिजनों और घायलों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाइवे पर ग्राम टेमनी खुर्द के पास सोमवार सुबह करीब पौने 10 बजे हुआ। पिकअप वाहन में ग्राम मछेरा के रहने वाले 25 मजदूर सवार थे और सभी सुबह सब्जी तोड़ने के लिए कन्हरगांव के लिए निकले थे। सावरी के पास ग्राम टेमनी खुर्द में पिकअप से कुछ मजदूरों को उतारा जा रहा है, इसी दौरान पीछे से यूरिया से लदे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक का टायर फटा और वह अनियंत्रित होकर पिकअप को टक्कर मारने के बाद एक बाइक को कुचलते हुए सडक़ किनारे खंती में उतर गया।

हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

सावरी पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी ने बताया कि पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और 20 लोग घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है।

उन्होंने बताया कि मृतकों में मृतकों में बब्बू (35) पुत्र भूरू राजबेटे निवासी मछेरा, सावित्री (31) पत्नी सुरेश बनके निवासी मछेरा, शिवकली (45) पत्नी तुमराम निवासी मछेरा, लीलावती (45) पत्नी गरीबा शीलू निवासी मछेरा, सुकरवती (55 वर्ष) पत्नी रामचरण निवासी मछेरा एवं संतोष (45) पुत्र केशवराव सबनेरे निवासी हथलेवा के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं और मामले की जांच जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम धीरेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध मे जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश चिकित्सकों को दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर जांच में यह बात सामने आई है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।

हादसे की सूचना मिलने पर पांढुर्ना विधायक नीलेश ऊइके मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि 'छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर बड़ा भयंकर हादसा हुआ है। कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मुख्यमंत्री ने की मृतकों और घायलों के परिजन को आर्थिक सहायता देने की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में छह लोगों की असमय मृत्यु पर गहन दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा सामान्य घायलों के नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0