कृषि अर्थशास्त्री एसएस जौहल से मिले नितिन नवीन, फसल विविधीकरण पर हुई चर्चा

22 Jun 2026 14:21:53
ਪਦਮ ਭੂਸ਼ਣ ਡਾ. ਸਰਦਾਰਾ ਸਿੰਘ ਜੌਹਲ ਨਾਲ ਮੁਲਾਕਾਤ ਕਰਦੇ ਹੋਏ  ਨਿਤਿਨ ਨਬੀਨ ਤੇ ਹੋਰ ਭਾਜਪਾ ਦੇ ਸੀਨੀਅਰ ਆਗੂ।


- पंजाब की कृषि व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और खेती के विकास को लेकर किया विस्तृत विचार-विमर्श

लुधियाना, 22 जून (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब दौर के आखिरी दिन सोमवार को लुधियाना में प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और पद्म भूषण अवॉर्डी डॉ. सरदारा सिंह जौहल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पंजाब की कृषि व्यवस्था, किसानों से जुड़े मुद्दों, फसल विविधीकरण और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर आए नितिन नवीन ने आज डॉ. सरदारा सिंह जौहल से मुलाकात कर कृषि क्षेत्र से जुड़े अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया। नितिन नवीन ने कहा कि डॉ. सरदारा सिंह जौहल देश के प्रमुख कृषि अर्थशास्त्रियों में से एक हैं। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर और कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के चेयरमैन के रूप में उन्होंने देश की कृषि नीति को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने फसल विविधीकरण और कृषि सुधारों को लेकर भी अहम योगदान दिया है।

बैठक के दौरान पंजाब में किसानों के सामने आ रही चुनौतियों, पारंपरिक खेती पर बढ़ते दबाव, फसल विविधीकरण की जरूरत और कृषि क्षेत्र को अधिक मजबूत बनाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। नितिन नबीन ने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था में कृषि की अहम भूमिका है और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस नीति और दूरदर्शी सोच की जरूरत है। इस मुलाकात के दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश महासचिव अनिल सरीन भी मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0