पंजाब में उद्योगपतियों की समस्या का समाधान कर देंगे बेहतर औद्योगिक माहौल : नितिन नवीन

22 Jun 2026 14:00:53
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उद्योगपतियों से मिलनी के दौरान


भाजपा नेतृत्व के सामने अपनी समस्याएं रखते उद्योगपति।


- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लुधियाना में किया उद्योगपतियों से मंथन, पूछी समस्याएं

लुधियाना, 22 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लुधियाना में उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में पंजाब में उद्योगों को बढ़ावा देने, नए निवेश लाने, रोजगार सृजन और उद्योगपतियों के सामने आ रही समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ लुधियाना के कई प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने पंजाब में उद्योगों के सामने आ रही चुनौतियों को भाजपा नेतृत्व के सामने रखा। उन्होंने बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षित औद्योगिक माहौल, आसान व्यापारिक नीतियों, बिजली, टैक्स व्यवस्था, कुशल श्रमिकों और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की मांग की।

नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब में उद्योगों को बेहतर और सुरक्षित माहौल देने के लिए भाजपा विशेष योजना लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब कभी उद्योगों के लिए देश के सबसे मजबूत राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज उद्योगपति कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। भाजपा इन समस्याओं को गंभीरता से सुनेगी और उनके समाधान के लिए ठोस नीति तैयार करेगी।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब में इंडस्ट्री को नई रफ्तार मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों को मजबूत किए बिना पंजाब की आर्थिक तरक्की संभव नहीं है, इसलिए उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह के राज जैसा सुशासन, भाईचारा, अमन-शांति और खुशहाली वापस लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को दोबारा औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार, उद्योग जगत और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंजाब उद्योगपतियों की भूमिका बेहद अहम है। भाजपा नेताओं ने भरोसा दिलाया कि पार्टी पंजाब के उद्योगपतियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगी और राज्य में निवेश व रोजगार को बढ़ावा देंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0