चीन, पाकिस्तान से संबंधों और पासपोर्ट से जुड़े मुद्दों का अध्ययन करने जम्मू पहुंची संसदीय समिति

22 Jun 2026 16:39:53

जम्मू, 22 जून (हि.स.)। विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि समिति का जम्मू-कश्मीर दौरा पूरी तरह से भारत-पाकिस्तान और भारत-चीन संबंधों तथा पासपोर्ट कार्यालयों के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है, घाटी में मौजूदा हालात की समीक्षा करने का इसमें कोई इरादा नहीं है।

पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा कि यह समिति जम्मू-कश्मीर में स्थानीय हालात या घरेलू मुद्दों का जायज़ा लेने नहीं आई है। उन्होंने उप-राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद कहा कि यह दौरा कश्मीर घाटी के हालात की जांच करने के लिए नहीं है। थरूर ने आगे कहा कि समिति यहां तीन मुद्दों का अध्ययन करने आई है, जिसमें भारत-पाकिस्तान संबंध, भारत-चीन संबंध और पासपोर्ट कार्यालयों व पासपोर्ट सेवाओं का कामकाज हैं। हम केवल इन्हीं तीन मुद्दों का अध्ययन कर रहे हैं।

विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति का काम भारत की विदेश नीति, कूटनीतिक संबंधों और विदेश मंत्रालय से जुड़े मामलों की समीक्षा करना है। यह समिति अभी जम्मू-कश्मीर के दौरे पर है। यह दौरा पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों और इस क्षेत्र में पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं की उपलब्धता से जुड़े विषयों की समीक्षा का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0