
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सोमवार को यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने गांधी सरोवर परियोजना के लिए रक्षा विभाग की भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित किए जाने पर रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए रेड्डी ने आदिलाबाद एयरपोर्ट के विकास को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, उपयोगिताओं के स्थानांतरण और अन्य आवश्यक कार्यों में राज्य सरकार पूरा सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय एकता और रक्षा से जुड़े मामलों में तेलंगाना सरकार हर संभव सहायता और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने आदिलाबाद में भारतीय वायुसेना के हवाई अड्डे के व्यापक विस्तार के लिए केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय वायुसेना टर्मिनल और नागरिक उड्डयन विभाग के टर्मिनल भवन के साथ-साथ बड़े पैमाने पर कार्गो, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) और हैंगर सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए।
रेड्डी ने कहा कि मध्य पूर्व एशिया में हालिया घटनाक्रमों के मद्देनजर आदिलाबाद एयरपोर्ट विश्वस्तरीय एयरलाइंस के लिए हैंगर स्थापित करने की दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त है और इसे उसी दिशा में विकसित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से तेलंगाना के महबूबनगर जिले के देवरकद्रा के निकट चयनित स्थल पर डीआरडीओ और डीआरडीएल से संबंधित एक महत्वपूर्ण परियोजना को तत्काल मंजूरी देने का भी आग्रह किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी