- प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
लखनऊ, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरनिया में एक तीन मंजिला बिल्डिंग में चल रही काेचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। इस घटना में कई बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि रेस्क्यू अभियान लगातार चल रहा है।
सोमवार दोपहर अलीगंज थाना क्षेत्र में स्थित पुरनिया चौराहे के पास एक तीन मंजिला बिल्डिंग की नीचे स्थित दुकान में आग लग गई। इसी दुकान के ऊपर कोचिंग सेंटर है। धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप लेते हुए कोचिंग सेंटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। भयावह स्थिति देख कोचिंग सेंटर पर मौजूद कई विद्यार्थी अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूद पड़े, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। अलीगंज और मड़ियांव थाना की पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़िया मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। पुलिस की टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। फंसे लाेगाें काे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी विशाख समेत तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी अपनी आंखों के सामने कई बच्चाें काे निकाला गया है। घटना में कई बच्चों की मौत हुई है। कोचिंग के अंदर धुआं बहुत ज्यादा भर जाने के कारण रेस्क्यू टीम को दीवार तोड़कर अंदर घुसना पड़ा। सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। आग इतनी भयवाह थी कि अपनी जान बचाने के लिए दम घुटने और झुलसने के डर से कुछ छात्र और लोग इमारत की ऊपरी मंजिलों से सीधे नीचे कूद गए। इससे उन्हें चोटे आई हैं।
जब यह घटना हुई उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने सभा के मंच से ही इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक