अमेरिका ने ईरानी तेल पर प्रतिबंधों में दी 60 दिन की राहत, वार्ता के बाद बड़ा फैसला

युगवार्ता    22-Jun-2026
Total Views |

वॉशिंगटन/बुर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में जारी वार्ता के बीच एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कदम उठाते हुए अमेरिका ने ईरानी तेल और पेट्रोकेमिकल उत्पादों से संबंधित कुछ प्रतिबंधों में 60 दिनों की अस्थायी राहत देने की घोषणा की है। इस फैसले को दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में सकारात्मक प्रगति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

अमेरिकी वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अस्थायी सामान्य लाइसेंस के तहत ईरानी मूल के कच्चे तेल, पेट्रोलियम एवं पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री से जुड़ी कुछ गतिविधियों को सीमित अवधि के लिए अनुमति दी गई है। यह छूट अगस्त के अंत तक प्रभावी रहेगी।

अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, स्विट्जरलैंड में हुई वार्ता के दौरान ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात को बाधित न करने का आश्वासन दिया है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय परमाणु निरीक्षण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी सकारात्मक संकेत मिलने की बात कही जा रही है।

इस बीच स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी जारी है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि दोनों देशों के बीच स्थायी समझौते की दिशा में प्रयास जारी हैं और अब तक की वार्ता में सकारात्मक प्रगति देखने को मिली है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags