
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार तेज हवाओं के साथ बारिश होने से यहां के लोगों को तीखी धूप और गर्मी से राहत मिली। क्षेत्र में अगले दो दिनों- बुधवार-गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और शुक्रवार को फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार, 24 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39-41 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 25 जून को भी यही स्थिति रहने के आसार हैं। 26 जून को मौसम का मिजाज फिर बदलेगा और तेज हवाओं तथा गरज के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39-41 डिग्री सेल्सियस और 27- 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून आज महाराष्ट्र (मुंबई सहित), तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़, झारखंड व बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में, 3-4 दिनों के दौरान झारखंड, बिहार के अन्य हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। इस सप्ताह पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है। इसी बीच कुछ क्षेत्र लू की चपेट में रहेंगे। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार शामिल हैं।
आईएमडी के मुताबिक 24-26 जून को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में, 24 तथा 29 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, 24-28 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तथा 24-29 जून के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस दौरान मध्य भारत के छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।
पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले छह दिनों के दौरान व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले छह दिनों के दौरान वर्षा होने से मौसम सुहावना रहेगा। इन्हीं में से कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने और तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। इन राज्यों के कुछ और हिस्सों लू की चपेट में रहने के आसार हैं। इनमें से कुछ राज्यों में से बिहार और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश शामिल हैं, जहां लू का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, झारखंड के कुछ इलाकों में गर्म रात की स्थिति बने रहने की बहुत संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी