2027 में रिलीज होगी इमरान हाशमी की 'रूह'

23 Jun 2026 17:26:53
इमरान हाशमी - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर फिल्मों की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी नई म्यूजिकल हॉरर फिल्म 'रूह' का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं। निर्माताओं ने फिल्म का टीजर भी जारी किया है, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और हिंदी, तमिल तथा तेलुगु भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगी।

फिल्म के टीजर में रहस्य और भय का अनोखा माहौल देखने को मिलता है। जलते हुए जंगल, पानी में तैरते शव और धुंधले कांच के पीछे से झांकते इमरान हाशमी के किरदार की झलक रोमांच को और बढ़ा देती है। शुरुआती झलक से साफ है कि फिल्म में डर, सस्पेंस और रहस्य का गहरा तड़का देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को सीट से बांधे रखने का वादा करता है।

'रूह' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हॉरर के साथ संगीत और भावनाओं का भी अनोखा मेल देखने को मिलेगा। 'राज 3' और 'एक थी डायन' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से प्रभावित कर चुके इमरान हाशमी का कहना है कि फिल्म की कहानी और प्रस्तुति का अंदाज उन्हें बेहद पसंद आया। उनके अनुसार, यह एक बिल्कुल नया और अलग अनुभव होगा, जिसे एक मजबूत रचनात्मक टीम ने तैयार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0