पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का बयान घरेलू मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश: भारत

23 Jun 2026 17:51:53
MEA Spokesperson Randhir Jaiswal


नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारत नेे पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की धमकी को घरेलू मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा कि ऐसे बयान पाकिस्तान की अपनी नाकामियों को छिपाने और मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटकाने की हताशा भरी कोशिश हैं।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि पानी की सुरक्षा से जुड़े खतरों के कारण सिंधु जल संधि को लेकर युद्ध हो सकता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 1960 की जल संधि को निलंबित कर दिया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम इन मनगढ़ंत दावों को पूरी तरह और पूरी सख्ती के साथ खारिज करते हैं। पाकिस्तान के अवैध और जबरन कब्जे वाले इलाकों में हो रहे विरोध-प्रदर्शन, पाकिस्तान की दशकों पुरानी नीतियों का नतीजा हैं, जिनमें व्यवस्थित आर्थिक शोषण, मौलिक अधिकारों से वंचित रखना और प्रशासनिक दमन शामिल है। इन इलाकों में पाकिस्तान ने पुलिस की बर्बरता, ज़रूरी सामान और दवाओं की सप्लाई रोकना, इंटरनेट बंद करना और निहत्थे नागरिकों के खिलाफ जानलेवा बल का इस्तेमाल करके प्रतिक्रिया दी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0