चीनी समकक्ष से बोले अजीत डोभाल, निश्चितता और रचनात्मकता भरे संबंध से बढ़ेगा भरोसा और समझ

युगवार्ता    23-Jun-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई बातचीत में दोनों देशों के संबंधों को स्थिर और रचनात्मक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस बातचीत को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने स्पष्ट किया कि भारत और चीन के बीच स्थिर तथा सकारात्मक द्विपक्षीय संबंध दोनों देशों में विश्वास और आपसी समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक के दौरान भारतीय पक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों को एक-दूसरे के मूलभूत और संवेदनशील मुद्दों के प्रति लगातार संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। भारत ने माना कि यही दृष्टिकोण आपसी विश्वास को मजबूत करने और संबंधों में संतुलन बनाए रखने का आधार बन सकता है।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण ‘पारस्परिक संवेदनशीलता, पारस्परिक हित और पारस्परिक सम्मान’ के सिद्धांतों पर आधारित है। भारत ने इस बात पर जोर दिया कि द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए इन सिद्धांतों का निरंतर पालन आवश्यक है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags