चोटिल नितीश रेड्डी आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 श्रृंखला से बाहर, शेडगे को मौका

23 Jun 2026 16:06:54
नीतीश कुमार रेड्डी


नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम को आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखलाओं से पहले बड़ा झटका लगा है। हरफनमौला खिलाड़ी नितीश कुमार रेड्डी चोट के कारण दोनों श्रृंखलाओं से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार नितीश कुमार रेड्डी को 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले के बाद बाईं जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में असहजता महसूस हुई थी। इसके बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें बोर्ड की चिकित्सा टीम ने उन्हें पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) की सलाह दी। इसी कारण उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली दोनों टी-20 श्रृंखलाओं से बाहर कर दिया गया।

उनके स्थान पर चयनकर्ताओं ने सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल करने का निर्णय लिया। सूर्यांश ने हाल ही में श्रीलंका में सम्पन्न भारत ‘ए’ त्रिकोणीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया था। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने पांच मुकाबलों में 147 रन बनाए और गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए पूरे टूर्नामेंट में 23 ओवर डाले।

इसके अलावा सूर्यांश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024–25 में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। मुंबई की विजेता टीम का हिस्सा रहते हुए उन्होंने निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए 251.92 के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे।

अब युवा सूर्यांश के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगा, जबकि भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखलाओं की तैयारी में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0