
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने मंगलवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सत्र की घोषणा कर दी है। प्रतियोगिता का आयोजन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी एक जुलाई को होगी। इस बार प्रतियोगिता में आठ पुरुष और चार महिला टीमें भाग लेंगी।
पिछले सत्र में नितीश राणा की कप्तानी में वेस्ट दिल्ली लायंस ने पहली बार खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में टीम ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को छह विकेट से हराया था। महिला वर्ग में श्वेता सहरावत की अगुवाई में दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वीन्स को हराकर खिताब जीता था। पिछले दो सत्रों में दिल्ली प्रीमियर लीग राजधानी के क्रिकेटरों के लिए एक प्रमुख मंच बनकर उभरी है, जहां स्थापित खिलाड़ियों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी अवसर मिला है।
इस बार भी प्रतियोगिता में कई बड़े नाम उतरेंगे। इनमें ऋषभ पंत, ईशांत शर्मा, नितीश राणा, हर्षित राणा, नवदीप सैनी, आयुष बदोनी, अनुज रावत, प्रियांश आर्य, सुयश शर्मा, दिग्वेश राठी, मयंक रावत, प्रिंस यादव, यश धुल, सिमरजीत सिंह, हिम्मत सिंह, ऋतिक शौकीन और सार्थक रंजन जैसे खिलाड़ी शामिल रहेंगे। महिला प्रतियोगिता में श्वेता सहरावत, प्रिया पुनिया, सोनी यादव और आयुषी सोनी के साथ तनिषा सिंह, नाजमा, मोनिका और पूर्वा सिवाच जैसी प्रतिभाएं आकर्षण का केंद्र होंगी।
डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि दिल्ली प्रीमियर लीग हर वर्ष और बेहतर होती जा रही है तथा इससे दिल्ली क्रिकेट की प्रतिभा सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि इस लीग ने खिलाड़ियों को बड़े स्तर तक पहुंचने का मंच दिया है और तीसरा सत्र भी नई प्रतिभाओं को अवसर देगा।
डीडीसीए उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने कहा कि महिला प्रतियोगिता ने विशेष रूप से महिला क्रिकेटरों को पहचान और अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों की नीलामी हमेशा लीग का रोमांचक चरण होती है, जहां टीमें अपनी रणनीति और संयोजन तैयार करती हैं।
पुरुष वर्ग की टीमें
सेंट्रल दिल्ली किंग्स
ईस्ट दिल्ली राइडर्स
न्यू दिल्ली टाइगर्स
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स
आउटर दिल्ली वॉरियर्स
पुरानी दिल्ली 6
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज
वेस्ट दिल्ली लायंस
महिला वर्ग की टीमें
सेंट्रल दिल्ली क्वीन्स
ईस्ट दिल्ली राइडर्स महिला
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज महिला
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे