आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में शिवा ने जीता रजत, युग प्रताप को कांस्य

23 Jun 2026 14:07:54
शिवा नरवाल


नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। जर्मनी के सुहल में चल रही आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय दल ने एक और सफल दिन के साथ तीन नए पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया।

भारत के शिवा नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं इसी स्पर्धा में युग प्रताप सिंह राठौर ने शानदार निशानेबाजी करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भारत ने दो पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।

टीम स्पर्धा में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में शिवा नरवाल, संदीप बिश्नोई और चिराग शर्मा की तिकड़ी ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाया।

इन तीन नए पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या अब 15 हो गई है, जिसमें 5 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय दल लगातार व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर रहा है और इसी के दम पर भारत ने चैंपियनशिप की पदक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0