ट्रंप का दावा- ईरान परमाणु ठिकानों की जांच के लिए तैयार

23 Jun 2026 21:28:53

वॉशिंगटन/तेहरान, 23 जून (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों की कड़ी और दीर्घकालिक निगरानी के लिए तैयार हो गया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि भविष्य में परमाणु स्थलों पर निरीक्षण की अनुमति को लेकर सकारात्मक सहमति बनी है, जिससे दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक प्रयासों को बल मिला है।

ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान निरीक्षण संबंधी व्यवस्था पर सहमत नहीं होता तो बातचीत आगे नहीं बढ़ पाती। उन्होंने इस मुद्दे को वार्ता की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।

इससे पहले, स्विट्जरलैंड में हुई वार्ता के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा था कि ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को दोबारा देश में काम करने की अनुमति देने पर सहमत हुआ है। उनके अनुसार, यह कदम पारदर्शिता और विश्वास बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा सकता है।

हालांकि ईरान की ओर से सामने आए बयानों ने इस मुद्दे पर अलग तस्वीर पेश की है। तेहरान ने कहा कि परमाणु एजेंसी के साथ उसका सहयोग पहले से तय अंतरराष्ट्रीय नियमों और मौजूदा व्यवस्थाओं के अनुसार जारी रहेगा। ईरानी अधिकारियों ने किसी नए समझौते या अतिरिक्त प्रतिबद्धता की पुष्टि नहीं की है।

स्विट्जरलैंड में हाल ही में हुई बातचीत को दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। हालांकि परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर अब भी बातचीत जारी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0