महाराष्ट्र सरकार ने शुरू की यूनीफार्म सिविल कोड लागू करने की प्रक्रिया : गृह राज्य मंत्री

23 Jun 2026 19:43:53

मुंबई, 23 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार ने सूबे में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। इसके लिए एक बिल का मसौदा तैयार करने के लिए एक विशेष समिति बनाई गई है।

विधानसभा सत्र को संबोधित करते हुए आज राज्य के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने सदन को बताया कि सरकार इस कानून को लागू करने के लिए 100 प्रतिशत प्रतिबद्ध है और मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। उन्हाेंने पुरानी सोच वाली सामाजिक प्रथाओं को रोकने की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए राज्य के इस कदम को सही ठहराया। उन्होंने नासिक की एक हालिया घटना का जिक्र किया, जिसमें एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को मोबाइल कॉल और ईमेल के ज़रिए 'तलाक' दिया और उसके आठ दिन बाद महिला पर हिंसक हमला किया।

कदम ने कहा, ऐसी प्रथाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जिनमें सिर्फ़ फ़ोन कॉल या ईमेल से शादी खत्म कर दी जाती है। ऐसी पुरानी सोच वाली प्रवृत्तियों को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि राज्य में किसी भी महिला के साथ अन्याय न हो, यूनिफॉर्म सिविल कोड ज़रूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0