
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स)। स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान के अधिकारियों के बीच पहले दौर की बातचीत खत्म होने के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 2 मार्च के बाद पहली बार 76 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार को कारोबार के दौरान अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का भाव 1.33 डॉलर यानी 1.73 फीसदी की गिरावट के साथ 75.75 डॉलर प्रति बैरल के करीब ट्रेंड कर रहा है। शुरुआती कारोबार में यह 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब था। अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड अभी 1.23 डॉलर यानी 1.68 फीसदी की गिरावट के साथ 71.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई यह गिरावट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से यातायात सामान्य होने का असर है। यह गिरावट भू-राजनीतिक तनाव में कमी और अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक कोशिशों को लेकर उम्मीद को दिखाती है, जो भारत जैसे तेल आयातक देशों के लिए राहत की बात है।
दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतें गिरकर लगभग 76 डॉलर प्रति बैरल हो गई हैं, जो 2 मार्च के 117 डॉलर के आस-पास के अपने उच्चतम स्तर से काफी कम हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर