महाराष्ट्र के पुणे में महिला ने दो बच्चों के साथ की आत्महत्या

24 Jun 2026 20:16:53

मुंबई, 24 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र के तथावड़े इलाके में आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच वाकड़ पुलिस कर रही है।

वाकड़ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कडलक ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान कल्पना बिपिन सूर्यवंशी (35), उनकी पुत्री सुभाश्री बिपिन सूर्यवंशी (17) और पुत्र दादू बिपिन सूर्यवंशी (10) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका व्यक्त की गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, कल्पना सूर्यवंशी अपने दोनों बच्चों के साथ तथावड़े स्थित जी.जी. इंटरनेशनल स्कूल के पीछे एक किराये के मकान में रहती थीं। उनकी मां यवतमाल में रहती हैं, जबकि पति और ससुराल पक्ष संभाजीनगर में रहते हैं। उसी इमारत के भूतल पर उनकी बहन अपने परिवार के साथ निवास करती है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार को पूरे दिन कल्पना और उनके बच्चे घर से बाहर नहीं निकले। इस पर उनकी बहन को संदेह हुआ। वह उनके घर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने अपने पति को बुलाया। खिड़की से देखने पर तीनों घर के अंदर पड़े दिखाई दिए।

परिजनों ने खिड़की से पानी डालकर उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। घर के अंदर तीनों अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही वाकड़ पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल वाईसीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में पता चला है कि घटना वाले दिन सुबह कल्पना ने इडली और सांभर बनाया था। पुलिस को आशंका है कि भोजन में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की गई थी। घटनास्थल से खाद्य सामग्री और अन्य नमूने जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कल्पना सूर्यवंशी ने मकान खरीदने के लिए बैंक से ऋण लिया था, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण वह नियमित रूप से ऋण की किस्तें नहीं चुका पा रही थीं। बताया जा रहा है कि हाल ही में बैंक की ओर से मकान की नीलामी संबंधी नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद से वह गंभीर मानसिक तनाव में थीं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आर्थिक दबाव और बढ़ते कर्ज का बोझ इस घटना का एक संभावित कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0