
जयपुर, 24 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचेंगे। इस दौरान वे एचआरआरएल (एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड) रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे तथा जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित प्रदेशभर की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा एवं कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्राप्त करना प्रत्येक युवा के जीवन का गौरवपूर्ण क्षण होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में विशेष आयोजन कर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं तथा आमजन को प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि वे भी इस अवसर के सहभागी बन सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विकास, रोजगार और जनभागीदारी का उत्सव बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण की जाएं। मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी प्रबंधन को कार्यक्रम के अवसर पर सघन पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया। साथ ही रिफाइनरी में कार्यरत श्रमिकों की कार्यक्रम में सार्थक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचआरआरएल तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एचपीसीएल एवं विभिन्न जिलों के संभागीय आयुक्त, आईजी और जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पूर्व 20 अप्रैल को रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) क्षेत्र के निकट आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घटना की जांच के आदेश दिए थे। बाद में रिफाइनरी में उत्पादन गतिविधियां पुनः सामान्य हो गईं और अब प्रधानमंत्री का दौरा चार जुलाई को प्रस्तावित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर