आईसीसी वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल दूसरे स्थान पर, टेस्ट में मैट हेनरी ने बुमराह की बराबरी की

24 Jun 2026 17:26:54
शुभमन गिल


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने आईसीसी की ताज़ा एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है। दोनों के 870-870 रेटिंग अंक हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन का गिल को बड़ा फायदा मिला। उन्होंने पहले दो मुकाबलों में 84 और 154 रन की शानदार पारियां खेलीं, जबकि तीसरे मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। ताज़ा रैंकिंग में गिल अब शीर्ष पर मौजूद न्यूज़ीलैंड के डैरिल मिचेल से केवल 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान श्रृंखला नहीं खेल सके, जिसके चलते वह एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए। रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बरकरार हैं।

इसके अलावा श्रेयस अय्यर एक स्थान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि केएल राहुल दो स्थान फिसलकर 11वें स्थान पर आ गए हैं। ईशान किशन ने 21 स्थान की बड़ी छलांग लगाते हुए 43वां स्थान हासिल किया है। गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। अर्शदीप सिंह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें, प्रसिद्ध कृष्णा 34 स्थान की छलांग लगाकर 58वें और वाशिंगटन सुंदर 17 स्थान ऊपर पहुंचकर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

उधर, न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 11 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। हेनरी ने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली।

आईसीसी के अनुसार, हेनरी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले केवल तीसरे न्यूज़ीलैंड खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले यह उपलब्धि जैक काउई (1947) और महान ऑलराउंडर रिचर्ड हैडली (1984-1990) ने हासिल की थी।

न्यूज़ीलैंड के किसी तेज गेंदबाज ने 36 वर्षों बाद टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक स्थान प्राप्त किया है।

इंग्लैंड के कार्यवाहक कप्तान जो रूट ने दो स्थान की छलांग लगाकर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में फिर से नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0