तेजस एक्सप्रेस में बिरयानी में मक्खी मिलने पर ठेकेदार पर एक लाख रुपये जुर्माना, लाइसेंस समाप्ति का नोटिस

24 Jun 2026 18:52:53
शिकायतकर्ता द्वारा एक्स पर साझा की गई तेजस ट्रेन में परोसी गई वेज बिरयानी की तस्वीर जिसमें मक्खी पड़ी हुई थी।


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल तेजस एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसी गई वेज बिरयानी में मक्खी मिलने की शिकायत पर रेलवे प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित कैटरिंग सेवा प्रदाता पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही सेवा प्रदाता को लाइसेंस समाप्त करने के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

रेलवे के अनुसार यात्री ट्रेन संख्या 82902 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल तेजस एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान उसे कॉम्बो मील में परोसी गई वेज बिरयानी में मक्खी मिली, जिसकी शिकायत उसने तत्काल की।

शिकायत मिलते ही ट्रेन कैप्टन और ऑनबोर्ड कैटरिंग मैनेजर ने यात्री से मुलाकात कर असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। यात्री को भोजन बदलकर देने की पेशकश भी की गई, लेकिन उसने नया भोजन लेने से इनकार कर दिया।

जांच के बाद रेलवे ने संबंधित विक्रेता पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया तथा उसके लाइसेंस को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। विक्रेता को ताजा कच्चा माल खरीदने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की अनिवार्य जांच करने तथा चावल, दाल, आटा और मसालों के भंडारण के लिए इस्तेमाल होने वाले एयरटाइट कंटेनरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0