अरविंद केजरीवाल बोले- राम मंदिर में चोरी से मन व्यथित, कल करेंगे राम लला के दर्शन

25 Jun 2026 20:55:53
मीडिया से बात करते अरविंद केजरीवाल


लखनऊ, 25 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राम मंदिर से चढ़ावे एवं बहुमूल्य उपहारों की चोरी से मन व्यथित है।

केजरीवाल ने कहा, “बीते एक सप्ताह से राम मंदिर से चढ़ावा और बहुमूल्य उपहार चोरी होने के समाचार देख और सुन रहा हूं। इन खबरों से मन बहुत व्यथित है। इसी कारण हमने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कार्यरत तथा ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों द्वारा भगवान राम की पादुका, हार, दीपक, आभूषण, हीरे-जवाहरात तथा भगवान को चढ़ाया जाने वाला चढ़ावा चोरी किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं के संबंध में जो समाचार प्रकाशित हुए हैं, उनसे उनका मन अत्यंत दुखी है।

केजरीवाल का काफिला एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए रवाना हो गया। वह शुक्रवार को रामलला के दर्शन करेंगे और रामनगरी के संतों से भेंट करेंगे। अरविंद केजरीवाल के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0