डीजीसीए ने अहमदाबाद में दो विमानों के आमने-सामने आने की घटना की शुरू की जांच

25 Jun 2026 20:42:53
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


- नियामक ने अहमदाबाद में आमने-सामने आए एयर इंडिया-इंडिगो विमान की शुरू की जांच

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स)। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बीते बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एयर इंडिया और इंडिगो के दो ए320 विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। हालांकि, समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। इस मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुरू कर दी है।

डीजीसीए ने गुरुवार को दी सूचना में बताया कि एयर इंडिया का A320 विमान वीटी-टीक्यूवी मुंबई से अहमदाबाद पहुंचा था, और एआई2493 फ्लाइट के तौर पर रनवे 23 पर सुरक्षित उतरा। लैंडिंग के बाद विमान को टैक्सीवे सी से रनवे खाली करने और फिर टैक्सीवे पी तथा टैक्सीवे जी के रास्ते इंटरनेशनल एप्रन तक जाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन इंटरनेशनल एप्रन की ओर जाने के लिए टैक्सीवे जी पर दाहिनी तरफ मुड़ने के बजाय विमान टैक्सीवे पी पर ही आगे बढ़ता रहा। जैसे ही क्रू को अपनी गलती का एहसास हुआ, उन्होंने तुरंत विमान को टैक्सीवे पी पर रोक दिया।

इसी दौरान इंडिगो का ए320 विमान वीटी-आईएसटी, जो अहमदाबाद से मुंबई के लिए 6ई-5160 फ्लाइट संचालित कर रहा था, उड़ान भरने की तैयारी में उसी टैक्सीवे पी पर आगे बढ़ रहा था। स्थिति को देखते हुए इंडिगो के विमान को भी वहीं रोक दिया गया।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों विमानों के बीच पर्याप्त दूरी थी और टक्कर जैसी कोई स्थिति नहीं बनी। एहतियात के तौर पर एयर इंडिया के विमान को बाद में खींचकर (टो करके) उसके पार्किंग स्टैंड तक पहुंचाया गया। डीजीसीए इस घटना की जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0