इबोला के खतरे को देखते हुए विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए एअर सुविधा पोर्टल शुरू

25 Jun 2026 13:50:54
एयर सुविधा पोर्टल की कॉपी


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। इबोला प्रभावित देशों से भारत आने वाले यात्रियों के लिए एअर सुविधा पोर्टल को सक्रिय कर दिया गया है। अब यात्रियों को विमान से उतरने से पहले अनिवार्य सेल्फ डेकोरेशन फार्म ऑनलाइन भरना होगा। इससे पहले सारी प्रक्रिया कागजी फार्म के माध्यम से पूरी की जाती थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डायल द्वारा डीजी एचएस के सहयोग से एयर सुविधा 2.0 पोर्टल लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य भारत के सभी प्रवेश स्थानों पर इबोला सहित अन्य स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। यह उन्नत प्रणाली स्वास्थ्य, इमिग्रेशन और निगरानी एजेंसियों के बीच रियल-टाइम समन्वय को सक्षम बनाती है, जिससे संभावित जोखिम वाले यात्रियों की शीघ्र पहचान संभव हो सके।

मंत्रालय ने कहा कि भारत की यात्रा करने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले एअर सुविधा पोर्टल पर सेल्फ डिक्रेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा । यह फॉर्म भारत आगमन से 24 घंटे पहले तक ऑनलाइन भरा जा सकता है और इसे समय पर पूरा करना सभी यात्रियों के लिए आवश्यक है।

मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी कि वे वेब चेक-इन के दौरान या उड़ान में सवार होने से पहले ही यह फॉर्म पूरा कर लें, ताकि भारत पहुंचने पर स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा प्रक्रिया और इमिग्रेशन में किसी भी प्रकार की देरी या असुविधा से बचा जा सके और तेजी से इमिग्रेशन क्लीयरेंस प्राप्त हो सके। फॉर्म जमा करने के बाद यात्रियों को इसकी डाउनलोड की गई प्रति अपने साथ सुरक्षित रखनी होगी और आवश्यकता पड़ने पर इसे अंतरराष्ट्रीय यात्रा स्वास्थ्य डेस्क या इमिग्रेशन काउंटर पर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।सार्वजनिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुचारु यात्रा प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी स्व-घोषणा सही, स्पष्ट और पूरी जानकारी के साथ भरें, ताकि यात्रा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0