गडकरी ने तेलंगाना, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की

25 Jun 2026 17:11:53
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की रखरखाव और प्रगति की समीक्षा बैठक में नितिन गडकरी और अन्य


राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की रखरखाव और प्रगति की समीक्षा बैठक में नितिन गडकरी और अन्य


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित अलग-अलग समीक्षा बैठकों में तेलंगाना में 4,931 कि.मी., केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर में 2,035 कि.मी. और लद्दाख में 804 कि.मी. के राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, रखरखाव और प्रगति की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित थे।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि मीडिया रिपोर्टों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के जरिए प्राप्त फीडबैक और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों और परियोजना ठेकेदारों से प्राप्त इनपुट के आधार पर ये समीक्षाएं की गईं।

मंत्रालय के मुताबिक नितिन गडकरी ने इस बैठक के दौरान चल रही परियोजनाओं, रखरखाव गतिविधियों और सुरक्षित, कुशल और टिकाऊ राजमार्ग अवसंरचना के निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जा रहे उपायों की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने गुणवत्ता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए परियोजना कार्यान्वयन में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।

गडकरी ने अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को निगरानी तंत्र को मजबूत करने, कार्यों को समय पर पूरा करने और राजमार्ग गलियारों की स्थायित्व, आरामदायक यात्रा और दीर्घकालिक प्रदर्शन में सुधार के लिए उन्नत निर्माण प्रौद्योगिकियों और सर्वक्षेष्ठ प्रणालियों को अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने, आर्थिक विकास को गति देने, पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा में सुधार के लिए सुव्यवस्थित सड़क अवसंरचना के महत्व पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री ने परियोजना के सभी हिस्सों में मानसून की व्यापक तैयारियों की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलान स्थिरीकरण और संरक्षण कार्य तथा मौसम-संबंधी व्यवधानों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणालियों की तैनाती सहित निवारक और शमन उपाय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ये उपाय निर्बाध संपर्क, सड़क सुरक्षा और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं।

इसके अलावा नितिन गडकरी ने समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता आश्वासन और आधुनिक इंजीनियरिंग समाधानों को अपनाने के माध्यम से देशभर में विश्व-स्तरीय राजमार्ग अवसंरचना विकसित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0