मप्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी बेकाबू कार, महाराष्ट्र के 4 लोगों की मौत

25 Jun 2026 16:10:53
मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद जुटी भीड़


मंदसौर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर सीतामऊ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के औरंगाबाद के रहने वाले छह लोग रेनॉल्ट ट्राइबर कार में सवार होकर किसी काम से दिल्ली जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वे सीतामऊ थाना क्षेत्र में ग्राम तितरोद के पास पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज रफ्तार में थी और वह अनियंत्रित होकर अचानक सामने जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकालकर सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया।

सीतामऊ थाना प्रभारी दिनेश प्रजापत ने बताया कि मृतकों की पहचान सचिन गंगाधर पुत्र अजय पांडुरंग निवासी समोर (औरंगाबाद), संदीप पुत्र नवनाथ रामराव बोरसे निवासी छत्रपति नगर सावंगी (औरंगाबाद), राजेंद्र कोवडे पुत्र भावराम कोवडे उम्र निवासी संभाजी नगर (औरंगाबाद) और रवींद्र काले पुत्र भागवत काले निवासी शास्त्री नगर संभाजी नगर (औरंगाबाद) के रूप में हुई है। वहीं, अब्दुल खलील (30) पुत्र अब्दुल समद निवासी औरंगाबाद और उमर (32) पुत्र इस्माइल जागीरदार निवासी गंगापुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक परिजनों को सूचना दे दी गई है। संभवतः वे गुरुवार देर रात या शुक्रवार सुबह तक मंदसौर पहुंचेंगे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू होगी। चारों शवों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही रखा गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेस-वे के निगरानी सिस्टम की मदद से ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0