महिला टी20 विश्व कप : शेफाली के तूफानी अर्धशतक से भारत ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया

25 Jun 2026 22:50:53
अर्धशतक लगाने के बाद दर्शकों का अभिवादन करतीं शेफाली वर्मा


मैनचेस्टर, 25 जून (हि.स.)। मैनचेस्टर में खेले गए आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने गुरुवार को बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को मजबूत कर लिया।

बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने 16.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 139 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने खुलकर नहीं खेल सकी। कप्तान निगार सुल्ताना ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया, जबकि भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।

भारत की ओर से गेंदबाजों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। युवा स्पिनर श्रीचरणी ने एक बार फिर अपनी छाप छोड़ते हुए दो विकेट हासिल किए और टूर्नामेंट में अब तक 12 विकेट लेकर भारत की सबसे सफल गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। राधा यादव ने भी तीन विकेट अहम सफलताएं दिलाईं, जिससे बांग्लादेश की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। इन दोनों के अलावा रेणुका सिंह ठाकुर और नंदिनी शर्मा ने भी 1-1 विकेट लिया।

हालांकि भारतीय टीम की फील्डिंग चिंता का विषय रही। पावरप्ले के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े, जिससे बांग्लादेश को अतिरिक्त मौके मिले। नंदनी शर्मा, राधा यादव और यास्तिका भाटिया से कुछ आसान मौके छूटे, जिसके कारण बांग्लादेश का स्कोर अपेक्षा से अधिक पहुंच गया।

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने मात्र 34 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। यास्तिका भाटिया (23) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

हालांकि स्मृति मंधाना (08) और ऋचा घोष (10) कुछ खास नहीं कर सकीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंदों पर 26 रन की तेज पारी खेलकर भारत जीत की राह आसान कर दी। अंत में कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 13 ) और दीप्ति शर्मा (नाबाद 5) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। विजयी चौका दीप्ति ने लगाया।

बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने 2, राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारुफा अख्तर ने 1-1 विकेट लिया

भारत ने निर्धारित लक्ष्य 19 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा को उनकी मैच विजेता अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महत्वपूर्ण दो अंक हासिल किए और सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

संक्षिप्त स्कोर

बांग्लादेश महिला: 136/8 (20 ओवर)

भारत महिला: 139/5 (16.5 ओवर)

भारत 5 विकेट से विजयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0