शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को उत्तराखंड दौरे पर

युगवार्ता    25-Jun-2026
Total Views |
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान।


देहरादून, 25 जून (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह किसानों से संवाद करेंगे और राज्य में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद वह रुद्रपुर में 'खेत बचाओ अभियान' के तहत किसानों से सीधा संवाद करेंगे, खेतों का भ्रमण कर फसलों का जायजा लेंगे और कृषि संबंधी विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और किसान भी उपस्थित रहेंगे।

दौरे के दौरान चौहान और मुख्यमंत्री धामी के बीच पंतनगर में एक उच्चस्तरीय बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में कृषि क्षेत्र के विकास, किसान कल्याण, ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय से संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, किसानों तक लाभ पहुंचाने की स्थिति और कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags